क्षेत्र के विभिन्न समस्याओं के यथाशीघ्र समाधान हेतु उपायुक्त हजारीबाग से विधायक अंबा प्रसाद ने की मुलाकात
झारखण्ड ब्यूरो उमेश सिन्हा
हजारीबाग/केरेडारी/बड़कागांव:- दिन बृहस्पतिवार को विधायक अंबा प्रसाद ने हजारीबाग उपायुक्त श्रीमती नैंसी सहाय से मुलाकात की, इस दौरान क्षेत्र के कई लोग मौजूद थे। विधायक ने मामलों को बारी बारी से उपायुक्त के समक्ष बारीकी से रखा एवं तत्काल निष्पादन करने की बात कही। सर्वप्रथम विधायक ने बड़कागांव प्रखंड क्षेत्र के चुरचु मे खनन कार्य शुरू होने से स्वास्थ्य सहिया जो रोजगार से वंचित हो गए थे उन्हें नियोजित करने की मांग विधायक अंबा प्रसाद द्वारा की गई जिस पर विचार विमर्श के बाद उपायुक्त ने कहा कि कुल 9 स्वास्थ्य सहिया को डीएमएफटी के अंतर्गत अन्य सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नियोजित किया। विधायक ने केरेडारी एवं बड़कागांव प्रखंड के सभी पंचायतों में एक-एक श्मशान शेड व शवदाह शेड निर्माण कराने तथा कई क्षेत्रों में सामुदायिक भवन निर्माण कराने की बात कही। विधायक ने केरेडारी प्रखंड क्षेत्र के पहरा मंदिर के बगल अवस्थित तालाब में सीढ़ी निर्माण कराने, बड़कागांव प्रखंड मुख्यालय व नापोखुर्द मे पुस्तक युक्त पुस्तकालय निर्माण व केरेडारी प्रखंड मुख्यालय तथा गरीकला के प्राथमिक मध्य विद्यालय में नया पुस्तकालय निर्माण कराने की बात कही। बड़कागांव टैक्सी स्टैंड के समीप काफी वर्षों पूर्व बने पुस्तकालय को सुचारू रूप से चलाने के लिए कर्मी की बहाली व पुस्तकालय की मरम्मत तथा रंग रोगन कराने की भी बात कही गई। वही विधायक अंबा प्रसाद ने बड़कागांव प्रखंड क्षेत्र के उरीमारी से व केरेडारी प्रखंड मुख्यालय से विनोबा भावे विश्वविद्यालय तक महिला छात्राओं के आवागमन की सुविधा हेतु डीएमएफटी मद से 2 बस उपलब्ध कराने की मांग की गई। बड़कागांव त्रिवेणी सैनिक कंपनी में कार्य कर रहे लगभग 29 मजदूरों को एक साथ कंपनी के खिलाफ आवाज उठाने पर हटा दिए जाने के मामले को लेकर भी उपायुक्त को अवगत कराते हुए उन्हें पुनः बहाल करने की मांग विधायक द्वारा की गई। बड़कागांव एवं केरेडारी प्रखंड में विभिन्न स्थलों में पूर्व भेजी गई अनुशंसा के आलोक में अधिक से अधिक बोरिंग के लिए विभाग को निर्देश देने की मांग विधायक द्वारा की गई। वही बड़कागांव के मुख्य चौक में नो एंट्री का अनुपालन नहीं होने से आए दिन हो रही दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नो एंट्री का अनुपालन कराने और बाईपास बनाने के प्रस्ताव पर भी विचार विमर्श किया गया जिस पर उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि बड़कागांव वासियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यथाशीघ्र सकारात्मक पहल की जाएगी। मौके पर केदार साव, धनेशवर साव, कुलेश्वर राम, चांदनी देवी, जमुनी देवी, मंजू देवी, रूबी देवी, बसंती देवी, खुशबू देवी, ममता देवी, कर्मी देवी, सलमा खातून मौजूद थे।
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें
Please Share This News By Pressing Whatsapp Button