अग्रवाल बंधुओं की हत्या के मुख्य आरोपी लोकेश ने किया सरेंडर
रांची। अशोक नगर स्थित न्यूज चैनल के दफ्तर में दो भाइयों महेंद्र अग्रवाल और हेमंत अग्रवाल की हत्या के मुख्य आरोपी लोकेश चौधरी ने आखिरकार 20 महीने बाद बुधवार को रांची के सिविल कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। उसके सरेंडर की भनक रांची पुलिस को नहीं मिली। इस हत्याकांड में शामिल एक और मुख्य आरोपी एमके सिंह अब तक पुलिस गिरफ्त से दूर हैं। चौधरी की तलाश में रांची पुलिस यहां-वहां खाक छान रही थी लेकिन उसे पकड़ने में नाकाम रही।
अग्रवाल बंधु हत्याकांड का मुख्य आरोपी लोकेश चौधरी और एमके सिंह बीते वर्ष जुलाई महीने में भगोड़ा घोषित हो चुका है और कुछ ही दिनों में रांची पुलिस दोनों की अचल संपत्ति की नीलाम कर सकती थी। नियमानुसार, कुर्की के तीन महीने के बाद भी अगर आरोपी गिरफ्तार नहीं होता है या वह सरेंडर नहीं करता है, तो उसकी अचल संपत्ति जो आरोपी के नाम से है, उसे पुलिस नीलाम कर सकती है। बता दें कि मुख्य आरोपी लोकेश चौधरी और एमके सिंह के घर और ऑफिस की रांची पुलिस कुर्की कर चुकी है।
क्या है पूरा मामला
लोकेश चौधरी ने साधना न्यूज चैनल की फ्रेंचाइजी ले रखी थी। उसने लालपुर में रहनेवाले अग्रवाल बंधुओं से उधार में बड़ी रकम ली थी। लेनदेन के सिलसिले में उसने व्यवसायी हेमंत अग्रवाल व भाई महेंद्र अग्रवाल को ६ मार्च को अपने दफ्तर में बुलाया था और दोनों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना को अंजाम देने के बाद लोकेश चौधरी जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के कचनार टोली स्थित वसुंधरा अपार्टमेंट पहुंचा था। वहां से पत्नी व बच्चों को लेकर सीधे बिहार भाग निकला था।
वहीं लोकेश चौधरी का अंगरक्षक सुनील सिंह ने पकड़े जाने के बाद बताया था कि व्यवसायी हेमंत अग्रवाल व महेंद्र अग्रवाल की हत्या रुपये हड़पने के लिए की गई थी। इसके लिए अग्रवाल बंधुओं के घर लोकेश ने अपने दोस्त व बॉडीगार्ड से आइबी की फर्जी रेड कराई थी। एमके सिंह व धर्मेद्र तिवारी ने अग्रवाल बंधुओं पर गोली चलायी थी दोनों भाइयों की हत्या के बाद लोकेश एमके सिंह व उनके दोनों अंगरक्षक सीसीटीवी फुटेज की डीवीआर लेकर भाग निकले थे।बाद में पुलिस ने करीब छह महीने बाद लोकेश चौधरी के प्राइवेट बॉडीगार्ड सुनील सिंह उर्फ सुनील कुमार को बोकारो थर्मल के बीटीपीएस थाना क्षेत्र के डीवीसी कॉलोनी से गिरफ्तार किया था।
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें
Please Share This News By Pressing Whatsapp Button