
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से मिली नई पहचान, आत्मनिर्भर बने कदर अली
#बालाघाट
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से मिली नई पहचान, आत्मनिर्भर बने कदर अली
केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों के लिए आर्थिक सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम बन रही है। इस योजना से नगर पालिका परिषद मलांजखण्ड के वार्ड क्रमांक 15, चारटोला निवासी श्री कदर अली के जीवन में भी सकारात्मक बदलाव आया है। योजना के तहत प्राप्त ऋण से उन्होंने अपने छोटे से पान ठेला व्यवसाय का विस्तार कर परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाया और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया।
श्री कदर अली के परिवार में चार सदस्य हैं। परिवार की आजीविका का एकमात्र साधन उनका छोटा-सा पान ठेला था, जिससे होने वाली आय परिवार के भरण-पोषण के लिए पर्याप्त नहीं थी। सीमित आय और छोटे बच्चों की जिम्मेदारी के कारण वे कोई अन्य रोजगार या मजदूरी भी नहीं कर पा रहे थे। ऐसे में परिवार का पालन-पोषण करना उनके लिए चुनौतीपूर्ण होता जा रहा था।
इसी दौरान नगर पालिका परिषद मलांजखण्ड के कर्मचारियों ने उन्हें प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की जानकारी दी। योजना से प्रेरित होकर उन्होंने आवेदन किया और भारतीय स्टेट बैंक, मलांजखण्ड के माध्यम से 50 हजार रुपये का ऋण प्राप्त किया। इस राशि का उपयोग उन्होंने अपनी पान ठेला दुकान का विस्तार करने, नई सामग्री जोड़ने तथा ग्राहकों की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यवसाय को विकसित करने में किया।
श्री कदर अली ने समय-समय पर ऋण की किश्तों का नियमित भुगतान करते हुए अपने व्यवसाय को निरंतर आगे बढ़ाया। आज उनकी दुकान पहले की अपेक्षा अधिक व्यवस्थित है और आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। व्यवसाय से होने वाली अतिरिक्त आय से वे परिवार की जरूरतें पूरी करने के साथ-साथ बचत भी कर पा रहे हैं। इससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में स्पष्ट सुधार आया है।
श्री कदर अली बताते हैं, “प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना ने मुझे अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने का अवसर दिया। आज मैं आत्मनिर्भर हूँ और अपने परिवार का बेहतर ढंग से पालन-पोषण कर पा रहा हूँ। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से मुझे पक्का मकान भी मिला, जिससे मेरे परिवार को सुरक्षित आवास का सुख प्राप्त हुआ। इसके लिए मैं माननीय प्रधानमंत्री जी एवं माननीय मुख्यमंत्री जी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें
Please Share This News By Pressing Whatsapp Button







