
रांची के यश सिन्हा ने नेशनल किकबॉक्सिंग चैम्पियनशिप में दो स्वर्ण पदक जीतकर किया झारखंड का नाम रोशन।
राज्य ब्यूरो रिपोर्ट झारखंड/ रांची:
KIIT University, भुवनेश्वर के प्रतिभावान छात्र एवं रांची के पिस्का मोड़ निवासी राष्ट्रीय स्तर के किकबॉक्सिंग खिलाड़ी यश कुमार सिन्हा ने भुवनेश्वर में 4 से 8 दिसंबर 2025 तक आयोजित IAKO नेशनल किकबॉक्सिंग चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक जीतकर पूरे झारखंड और देश को गौरवान्वित किया है।
इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 14 राज्यों के खिलाड़ियों ने भाग लिया, जहाँ यश ने 90+ किलोग्राम ओपन वेट लो-किक कैटेगरी में अपने दमदार खेल से स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही उन्होंने Musical Weapon Event (SAI) में भी उत्कृष्ट तकनीक, संतुलन और नियंत्रित मूवमेंट्स का शानदार प्रदर्शन कर दूसरा स्वर्ण पदक हासिल किया।
उल्लेखनीय है कि यश वर्तमान में भुवनेश्वर में रहकर उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इससे पूर्व हाल ही में उन्होंने इंडोनेशिया में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) जीतकर भी अपने माता-पिता, संस्थान, झारखंड और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन किया है।
इनके पिता डॉ. अजीत कुमार सिन्हा (पूर्व कुलपति, रांची विश्वविद्यालय) ने इस उपलब्धि पर कहा—
“यह हमारे परिवार के लिए अत्यंत गर्व, सम्मान और भावुकता का क्षण है। यश ने वर्षों की मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उसकी यह सफलता पूरे झारखंड के युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी। हमें पूर्ण विश्वास है कि वह भविष्य में अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी भारत का तिरंगा ऊँचा लहराएगा।”
साथ ही माता, जो नेहरू युवा केंद्र संगठन, झारखंड की पूर्व निदेशक रह चुकी हैं, ने कहा—
“एक माँ के लिए अपने बेटे को देश का नाम रोशन करते देखना सबसे बड़ा गर्व होता है। यश की यह सफलता उसके त्याग, निरंतर मेहनत और मजबूत संकल्प का परिणाम है। उसने यह सिद्ध कर दिया है कि ईमानदार प्रयास कभी व्यर्थ नहीं जाते। हमें उस पर बेहद गर्व है और हम उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हैं।”
यश कुमार सिन्हा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर झारखंड सहित पूरे देश से उन्हें बधाइयाँ और शुभकामनाएँ मिल रही हैं। उनकी यह सफलता रांची के पिस्का मोड़ क्षेत्र सहित समूचे राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें
Please Share This News By Pressing Whatsapp Button







