
आरकेडीएफ विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय पर्यावरण परिचर्चा का आयोजन!
राज्य ब्यूरो रिपोर्ट मध्यप्रदेश / संतोष बिसेन
भोपाल| आरकेडीएफ विश्वविद्यालय में एक दिवसीय राष्ट्रीय पर्यावरण परिचर्चा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण के प्रति चिंतन करने और उसे सहेजने के प्रति जागरूकता पर बल दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. मोहन यादव, उच्च शिक्षा मंत्री, मध्य प्रदेश शासन ने बताया कि मानव प्रकृति के सामने बहुत छोटा है। मानव को प्रकृति के सामने अहंकार नहीं दिखाना चाहिए। वहीं, मुख्य वक्ता गोपाल आर्य, राष्ट्रीय संयोजक पर्यावरण संरक्षण गतिविधि ने सरल शब्दों में समझाया कि पर्यावरण पर चिंतन करना अब सर्वप्रथम कर्तव्य है। उन्होंने कोरोना में ऑक्सीजन की महत्वता को प्रकृति की चेतावनी बताया। विशेष अतिथि अशोक पांडेय, संचालक मध्य भारत प्रांत ने प्रकृति और मानव के बीच तालमेल की जरूरत को बताया। साथ ही आरकेडीएफ ग्रुप द्वारा किए जा रहे पर्यावरण के प्रयासों की तारीफ की। डॉ. भरत शरण सिंह, अध्यक्ष मप्र निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग ने सभी शिक्षा संस्थानों से पर्यावरण जागरूकता पर और अधिक जोर देने की आवश्यकता बतलाई। परिचर्चा से पूर्व अतिथियों ने आरकेडीएफ विश्वविद्यालय के प्रांगण में स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा का अनावरण किया। साथ ही कैंपस में आचार्य जेसी बोस अंत: विषय अनुसंधान उद्यान का उद्घाटन भी किया गया। इस उद्यान में स्थापित सोलर कार्बन कैप्चर प्लांट का भी सभी अतिथियों ने अवलोकन किया। यह प्लांट दुनिया का तीसरा और एशिया का पहला प्लांट है। कार्यक्रम में शामिल विभिन्न सरकारी और निजी विश्वविद्यालय के कुलपतियों, पर्यावरण नोडल अधिकारियों ने कैंपस में पौधारोपण भी किया। कार्यक्रम के अध्यक्ष डॉ. सुनील कपूर, चेयरमैन आरकेडीएफ ग्रुप, डॉ. साधना कपूर, चांसलर आरकेडीएफ विश्वविद्यालय, सिद्धार्थ कपूर, एमडी आरकेडीएफ ग्रुप और चांसलर श्री सत्य साईं विश्वविद्यालय सीहोर, डॉ श्रुति कपूर, चांसलर एपीजे अब्दुल कलाम विश्वविद्यालय, इंदौर और रुचि कपूर, सीएमडी भाभा विश्वविद्यालय ने सभी उपस्थित अतिथियों को सम्मानित किया।
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें
Please Share This News By Pressing Whatsapp Button